सीहोर। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई द्वारा रविवार को संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। नगर के विधायक कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि संत रविदास जी केवल एक संत ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक चेतना के महान प्रतीक थे। उन्होंने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, समरसता और मानव गरिमा का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि जब समाज विभाजनकारी सोच से जूझ रहा है, तब संत रविदास जी के विचार हमें एक-दूसरे का सम्मान करने की प्रेरणा देते हैं। उनका सपना एक ऐसे समाज का था जहां ऊंच-नीच का कोई स्थान न हो। भारतीय जनता पार्टी उन्हीं के अंत्योदय के विचारों को आधार बनाकर अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचा रही है।
समरस भारत का निर्माण ही सच्ची श्रद्धांजलि: विधायक सुदेश राय
क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास जी के विचार युगों-युगों तक समाज को सही दिशा दिखाते रहेंगे। एक सशक्त और समरस भारत का निर्माण तभी संभव है जब हम उनके बताए एकता के मार्ग पर चलें। नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी संत जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला महामंत्री जितेन्द्र गौड़ और मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला मंत्री प्रीति सोनी, जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर, सह मीडिया प्रभारी पवन जैन, पूर्व महामंत्री राजकुमार गुप्ता, रवि नागले, अरूषेंद्र शर्मा, गोपाल सोनी, पार्षद मुकेश मेवाड़ा, पार्षद प्रदीप गौतम, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रणय शर्मा, अनिल परमार, अक्षय चौहान, रमाकांत समाधिया, कैलाश कुशवाहा और तुषार सोनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


