सीहोर। भैरुंदा तहसील के जंगल से सटे ग्राम जाट मुहाई क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेंदुए को अपने दो शावकों के साथ खुले इलाके में देखा गया। इस दौरान तेंदुए द्वारा एक गाय का शिकार करने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होते ही पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
वायरल वीडियो में तेंदुआ शिकार को नोचते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि उसके पास ही दो शावक भी मौजूद हैं। ग्रामीणों की गाड़ी की रोशनी पड़ते ही तेंदुआ सतर्क होकर शावकों के साथ जंगल की ओर भाग निकला। घटना के बाद से जाट मुहाई और आसपास के ग्रामीण बेहद डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए का गांव के इतने करीब आना खतरे का संकेत है, जिससे पशुपालकों को अपने मवेशियों की चिंता सताने लगी है।
वन विभाग हुआ अलर्ट, गश्त बढ़ाई
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग तुरंत हरकत में आ गया है। विभाग द्वारा जाट मुहाई और नजदीकी गांवों में मुनादी ढोल पिटवाकर घोषणा कराई जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें, बच्चों को अकेला न छोड़े और मवेशियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी है कि तेंदुए को देखने पर उसे भगाने या उसके करीब जाने की कोशिश बिल्कुल न करें।
रिहायशी इलाकों की ओर रुख
बता दें जाट मुहाई क्षेत्र खिबनी अभयारण्य से जुड़ा हुआ है। माना जा रहा है कि भोजन की तलाश में जंगली जानवर अभ्यारण्य से बाहर निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं। लाडकुई वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाश चंद ऊइके ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है और संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देने का आग्रह किया है।


