सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने संगठन में बड़ी सर्जरी करते हुए प्रदेश के 62 जिला प्रभारियों की घोषणा कर दी है। इस सूची में सीहोर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम यादव को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए विदिशा जिले का प्रभारी बनाया गया है।
बता दें सीताराम यादव की यह नियुक्ति बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि विदिशा संसदीय क्षेत्र मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद शिवराज सिंह चौहान का संसदीय क्षेत्र है। संगठन ने एक अनुभवी और जमीनी नेता के रूप में यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस हाई प्रोफाइल जिले की कमान सौंपी है।
62 प्रभारियों की सूची में सीहोर का दबदबा
प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी की गई सूची में पूरे प्रदेश के 62 जिलों में नए चेहरों और अनुभवी दिग्गजों का संतुलन बनाया गया है। सीताराम यादव की नियुक्ति से सीहोर भाजपा में हर्ष की लहर है। समर्थकों का मानना है कि यादव के संगठनात्मक अनुभव का लाभ विदिशा जिले में पार्टी को मजबूती देने में मिलेगा।
वरिष्ठता और अनुभव को मिला सम्मान
सीताराम यादव लंबे समय से भाजपा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और संगठन के विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी कार्यक्षमता सिद्ध की है। विदिशा जैसे महत्वपूर्ण जिले का प्रभार मिलना उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा और वरिष्ठता का सम्मान माना जा रहा है।


