सीहोर। स्थानीय आरएके कृषि महाविद्यालय में इन दिनों क्रिकेट का उत्साह चरम पर है। महाविद्यालय के भूतपूर्व छात्रों और आरएके एल्युमिनी वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय आरएके प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। 31 जनवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कॉलेज की छह टीमें अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं।
टूर्नामेंट का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आईएस तोमर ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के अवसर पर खेल अधिकारी डॉ. एके चौधरी, डॉ. एससी गुप्ता, डॉ. आईएस नरूका सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक और सहायक प्राध्यापक मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में बीएससी और एमएससी कृषि के छात्र अपनी टीमों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे।
इन टीमों के बीच होगा खिताबी मुकाबला
प्रतियोगिता के पहले दिन सभी छह टीमों के बीच लीग मैच खेले गए। दूसरे दिन हुए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद दो सर्वश्रेष्ठ टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबला एलाइट वारियर्स तृतीय वर्ष और कैंपस किंग द्वितीय वर्ष के बीच खेला जाएगा।
विजेताओं पर होगी इनामों की बारिश
टूर्नामेंट के आयोजकों ने बताया कि फाइनल जीतने वाली टीम को 11 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, वहीं उपविजेता टीम को 5 हजार 500 रुपये व ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। 10-10 ओवरों के इन मैचों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कॉलेज प्रशासन ने विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में महादेव राजपूत, निखिल रघुवंशी, दीपक परमार, सुशील जमरा और पुलकित नगीना सहित अन्य छात्रों की सक्रिय भूमिका रही।


