सीहोर। जिले के बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई है। लडक़ी भगाने के शक में कुछ दबंगों ने एक युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण किया और फिर उसे निर्वस्त्र कर डंडों व मुक्कों से तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।
जानकारी के अनुसार पीडि़त अर्जुन मीणा अपने गेहूं के खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अर्जुन को नायलॉन की रस्सी से जकड़ लिया। आरोपी उसे जबरन एक सफेद बोलेरो में डालकर ब्रिजिशनगर ले गए। वहां आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए युवक को सडक़ पर नंगा किया और बेरहमी से उसकी पिटाई की।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
हमले में युवक के हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। युवक को मरणासन्न हालत में छोडक़र आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की मदद से पीडि़त को इछावर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गयाए जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
6 आरोपियों पर केस दर्ज, पुलिस की तलाश जारी
बिलकिसगंज थाना प्रभारी संदीप मीणा ने बताया कि पीडि़त के बयानों के आधार पर छह आरोपियों जिनमें गौतम मेवाड़ा, घीसीलाल मेवाड़ा, भवानी, रोशन, पुरुषोत्तम और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। कानून को हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरेआम हुई इस घटना ने समाज में असुरक्षा पैदा कर दी है।


