पं. प्रदीप मिश्रा के सामने लाड़ली बहनों का अपमान…

06 sehore photo 01

सीहोर। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की मौजूदगी और देश के गौरव शहीद जितेंद्र कुमार वर्मा की शहादत की भूमि धामंदा एक शर्मनाक वाकये का गवाह बनी। ग्राम धामंदा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने मंच से लाड़ली बहनों को खुलेआम ‘धमकी’ दे डाली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस समय मंत्रीजी यह बयान दे रहे थे, उस समय मंच पर स्वयं पंडित प्रदीप मिश्रा विराजमान थे।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पंडित प्रदीप मिश्रा के दर्शन और उन्हें सुनने पहुँची थीं। इसी दौरान संबोधन के लिए खड़े हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपना आपा खो दिया। उन्होंने महिलाओं (लाड़ली बहनों) को संबोधित करते हुए ऐसे तीखे और डराने वाले शब्दों का प्रयोग किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर कोई सन्न रह गया।
शहीद की धरती पर बेतुका बयान
ग्राम धामंदा वह पावन धरा है जिसने देश को नायक जितेंद्र कुमार वर्मा जैसा वीर सपूत दिया। 8 दिसंबर 2021 को हुए कुन्नूर हेलीकॉप्टर हादसे में जनरल बिपिन रावत के साथ शहीद हुए जितेंद्र कुमार 3 पैरा स्पेशल फोर्सेस के जांबाज कमांडो थे। ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि जिस गांव ने देश की रक्षा के लिए लहू बहाया, वहां की माताओं-बहनों को इस तरह अपमानित किया जा रहा है। ग्रामीणों का दोटूक कहना है यदि सम्मान नहीं दे सकते तो अपमान करने का भी हक नहीं है।

यह बोले मंत्री वर्मा
गौरतलब है राजस्व मंत्री ने एक दिन पहले गुरुवार को ग्राम धामंदा में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि ग्राम धामंदा में 894 लाड़ली बहनों को 1500 रूपए महीने दे रहे हैं और यहां पर आई कितनी है, अब एक दिन सीईओ मैडम से बोलेंगे, एक दिन सबको बुलाओ और नहीं आएं तो उनका नाम कट जाएगा, दे देंगे यहां से रिपोर्ट, बहनों को कांग्रेस के राज में पैसा मिलता था क्या, आगे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से गेंहूं भेज रहे है, किसानों के खाते में पैसे डाल रहे हैं और तुम ध्यान नहीं रखते हो।


सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
मंत्री के इस व्यवहार का वीडियो और खबरें वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार लाड़ली बहनों के सम्मान का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर उनके गृह जिले में ही मंत्री उन्हें धमका रहे हैं। पंडित प्रदीप मिश्रा के अनुयायी भी इस बात से आहत हैं कि उनकी उपस्थिति में ऐसा अशोभनीय कृत्य हुआ।