सावधान! सीहोर में स्मार्ट मीटर खुद दे रहे हैं बिजली चोरी की गवाही, एक महीने में पकड़ाए 253 जादूगर

04 sehore photo 15

सीहोर। अगर आप सोचते हैं कि मीटर से छेड़छाड़ कर या सर्विस लाइन में कट लगाकर आप बिजली कंपनी की आंखों में धूल झोंक देंगे तो सावधान हो जाइए। सीहोर नगर के जोन.1 में लगाए गए स्मार्ट मीटर अब बिजली चोरों के लिए ‘जासूस’ का काम कर रहे हैं। पिछले एक महीने के भीतर स्मार्ट मीटरों ने बिजली चोरी की ऐसी सटीक सूचनाएं सर्वर पर भेजीं कि विभाग भी हैरान रह गया। 253 उपभोक्ताओं के यहां सीधे सर्वर से चोरी का अलर्ट मिला है, जिसके बाद विभाग ने इन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
स्मार्ट मीटर की तकनीक इतनी उन्नत है कि जैसे ही कोई उपभोक्ता मीटर के न्यूट्रल से छेड़छाड़ करता है ‘न्यूट्रल डिस्टरबेंस’, इसकी सूचना तत्काल कंपनी के मुख्य कंप्यूटर सर्वर पर पहुंच जाती है। एई अतुलेश सिंह के अनुसार इन मैसेज के जरिए स्पष्ट हो जाता है कि कहां बिजली चोरी हो रही है। कुछ शातिर उपभोक्ता तो सर्विस लाइन में ही कट लगाकर बिजली जला रहे थे, लेकिन स्मार्ट मीटर की निगरानी से वे भी नहीं बच पाए।
विरोध के पीछे छिपी थी चोरी की मंशा
सीहोर नगर के जोन.1 में कुल 16,675 उपभोक्ताओं में से 11,568 के यहां स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। शुरुआत में इन मीटरों का काफी विरोध हुआ था, जिसे अब बिजली चोरी पर लगाम से जोडक़र देखा जा रहा है। कंपनी का राजस्व बचाने में ये मीटर संजीवनी साबित हो रहे हैं। पिछले एक साल में इसी जोन में 1,779 लोग बिजली चोरी करते धराए थे, जिनसे करीब 94 लाख रुपये की वसूली की गई थी। अब स्मार्ट मीटर आने से यह पकड़ और भी मजबूत हो गई है।
जांच पड़ी तो जेब पर आएगा 1400 रुपये का भार
उपभोक्ताओं के लिए एक जरूरी चेतावनी यह भी है कि यदि चोरी के शक में मीटर की जांच लैब में कराई जाती है तो इसका आर्थिक भार भी उपभोक्ता को ही सहना होगा। सामान्य मीटर की जांच जहां मात्र 80 रुपये में होती थी, वहीं स्मार्ट मीटर की जांच के लिए उपभोक्ता को 1400 रुपये चुकाने होंगे।
बढ़ाया गया जांच का दायरा
सर्वर से मिली डायरेक्ट सूचनाओं के आधार पर विद्युत कंपनी ने अब घर-घर जाकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। विभाग का कहना है कि जो लोग ईमानदारी से बिजली जला रहे हैं उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन मीटर से किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने वालों पर अब कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।