शहीद के गांव धामंदा की लाड़ली बहनों को मंत्रीजी की धमकी…

06 sehore photo 01

सीहोर। जिले की इछावर तहसील का ग्राम धामंदा जो देश के गौरव शहीद नायक जितेंद्र कुमार वर्मा की शहादत के लिए जाना जाता है, आज एक अलग ही कारण से चर्चा में है। प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा द्वारा गांव की महिलाओं (लाड़ली बहनों) को दी गई कथित धमकी ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जिसे ‘धमकी’ के तौर पर देखा जा रहा है। जिस गांव ने देश की सुरक्षा के लिए अपना बेटा कुर्बान कर दिया, वहां सत्ता के गलियारे से आए इस तरह के कड़वे बोल ग्रामीणों के गले नहीं उतर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाड़ली बहनों के सम्मान की बात करने वाली सरकार के मंत्री का यह व्यवहार शोभनीय नहीं है।
याद आए शहीद जितेंद्र,जनरल रावत की ‘परछाई’ थे
इस बयान के बीच गांव वालों को बरबस ही अपने लाडले शहीद नायक जितेंद्र कुमार वर्मा की याद आ गई। जितेंद्र केवल एक सैनिक नहीं, बल्कि भारतीय सेना की सबसे घातक यूनिट 3 पैरा स्पेशल फोर्सेस के जांबाज कमांडो थे।
जनरल के भरोसेमंद
अपनी अद्वितीय कार्यक्षमता के कारण ही जितेंद्र को देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निजी सुरक्षा दस्ते में शामिल किया गया था।
वो काला दिन
8 दिसंबर 2021 को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए उस भीषण हेलीकॉप्टर हादसे में जितेंद्र ने जनरल रावत के साथ अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
ग्रामीणों में रोष, सम्मान नहीं तो अपमान भी न करें
धामंदा के ग्रामीणों का कहना है कि शहीद के गांव की अपनी एक गरिमा होती है। एक तरफ जहां पूरा देश नायक जितेंद्र कुमार की शहादत को नमन करता है, वहीं दूसरी ओर मंत्रीजी का महिलाओं के प्रति ऐसा व्यवहार दु:खद है। सोशल मीडिया पर भी मंत्रीजी के इस बयान की काफी आलोचना हो रही है, जिससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।

यह बोले मंत्री वर्मा
गौरतलब है राजस्व मंत्री ने एक दिन पहले गुरुवार को ग्राम धामंदा में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि ग्राम धामंदा में 894 लाड़ली बहनों को 1500 रूपए महीने दे रहे हैं और यहां पर आई कितनी है, अब एक दिन सीईओ मैडम से बोलेंगे, एक दिन सबको बुलाओ और नहीं आएं तो उनका नाम कट जाएगा, दे देंगे यहां से रिपोर्ट, बहनों को कांग्रेस के राज में पैसा मिलता था क्या, आगे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से गेंहूं भेज रहे है, किसानों के खाते में पैसे डाल रहे हैं और तुम ध्यान नहीं रखते हो।