सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ विश्व प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विस्तार देते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने बड़ी सौगात दी है। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य और प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग के मुख्य आतिथ्य में पंडित रामेश्वर मिश्रा प्राथमिक चिकित्सालय एवं अत्याधुनिक मीडिया सेंटर का भव्य उद्घाटन किया गया।
प्रवक्ता मनोज दीक्षित ने बताया कि धाम पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेहत का ख्याल रखने के लिए अनुभवी चिकित्सकों की एक बड़ी टीम तैनात की गई है। अस्पताल में डॉ. रितेश शर्मा, डॉ. नवीन मेहर, डॉ. आरके वर्मा सहित करीब एक दर्जन विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। यह अस्पताल चौबीसों घंटे संचालित होगा, जिससे दूर दराज से आने वाले भक्तों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।
ग्रीन शिवरात्रि का संदेश
इस अवसर पर विठ्ठलेश सेवा समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया। आगामी शिवरात्रि को ग्रीन शिवरात्रि के रूप में मनाने का आह्वान करते हुए उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों को बेलपत्र के पौधे वितरित किए गए।
अत्याधुनिक मीडिया सेंटर की सुविधा
अस्पताल के साथ ही धाम पर एक आधुनिक मीडिया सेंटर का भी निर्माण किया गया है। यहां पत्रकारों के लिए हाई.स्पीड इंटरनेट और वर्क स्टेशन की सुविधा रहेगी, जिससे बड़े आयोजनों के दौरान समाचार कवरेज में सुगमता होगी। मुख्य अतिथि विश्वास सारंग ने चिकित्सालय का निरीक्षण कर इसे जनसेवा का बेहतरीन मॉडल बताया।


