सीहोर। कड़े पहरे और भारी सुरक्षा के बीच मंगलवार से बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन अनिवार्य अंग्रेजी का पेपर था। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान देख साफ लग रहा था कि पेपर उनकी उम्मीदों के मुताबिक सरल था। ज्यादातर छात्रों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा पेपर बहुत अच्छा गया, अब आगे के विषयों के लिए आत्मविश्वास बढ़ गया है।
जिले के 101 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। कुल 38 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अपना भविष्य लिखने पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से 5 केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया था, जहां पुलिस का सख्त पहरा रहा। कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशों पर पूरी परीक्षा जीरो टॉलरेंस नीति के तहत संचालित की गई।
डिजिटल पहरे में प्रश्न-पत्र
इस बार पेपर लीक रोकने के लिए तकनीक का सहारा लिया गया है। मंडल ऐप के जरिए थाने से लेकर सेंटर तक प्रश्न पत्रों की जीपीएस ट्रैकिंग की जा रही है। मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध रहा, यहां तक कि शिक्षकों को भी फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी।
छात्र बोले- उम्मीद से बेहतर रहा अनुभव
दोपहर 12 बजे जैसे ही परीक्षा खत्म होने की घंटी बजी, केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। छात्र राहुल और छात्रा अंजलि ने बताया कि शुरुआत में थोड़ा डर था, लेकिन अंग्रेजी का पेपर सीधा और सरल आया।


