खेलो एमपी यूथ गेम्स: भोपाल संभाग बना स्टेट चैंपियन, सीहोर के आदिल खान ने दिखाई चमक

01 sehore photo 11

सीहोर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 में भोपाल संभाग की टीम ने इतिहास रचते हुए अंडर.19 बॉयज क्रिकेट का स्टेट खिताब अपने नाम कर लिया है। ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भोपाल संभाग ने ग्वालियर को 159 रनों के विशाल अंतर से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भोपाल संभाग ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की इस बड़ी बढ़त में योगेश यादव के शानदार 58 रनों के साथ-साथ सीहोर जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आदिल खान का विशेष योगदान रहा। आदिल ने 40 रनों की महत्वपूर्ण और संभली हुई पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुँचाने में मुख्य भूमिका निभाई।
ग्वालियर ने टेके घुटने
जीत के लिए मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर संभाग की टीम भोपाल की सटीक गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पूरी टीम मात्र 28.3 ओवरों में 85 रनों पर ढेर हो गई। भोपाल की ओर से दीपेश सेन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। इससे पहले उन्होंने बल्ले से भी 31 रनों का योगदान दिया था, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द फाइनल मैच चुना गया। टीम के अन्य गेंदबाज निर्मल ने 2, जबकि देवेंद्र और शिवांग ने 1-1 विकेट लिया।
इनामों की हुई बौछार
विजेता भोपाल संभाग की टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। उपविजेता ग्वालियर को 21 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही सागर की टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।