सीहोर। पर्यावरण संरक्षण को लेकर सजग रहने वाले विधायक सुदेश राय अब पंचायतों को शक्तिशाली और हरा-भरा बनाने के अभियान में जुट गए हैं। शनिवार को अपने कार्यालय पहुंचे सरपंचों से चर्चा करते हुए विधायक श्री राय ने आह्वान किया कि हमें अपने पंचायत क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित बनाना होगा।
विधायक सुदेश राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि धरती के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण ही पर्यावरण को शक्तिशाली बनाने का एकमात्र विकल्प है। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत नौनीखेड़ी गोसाई के सरपंच प्रदीप दांगी को नीम, पीपल, जामुन, आम और अमरूद जैसे छायादार व फलदार पौधे भेंट किए।
सरपंचों ने लिया पर्यावरण रक्षा का संकल्प
विधायक की प्रेरणा से उत्साहित होकर सरपंचों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन पौधारोपण करने और उनकी देखरेख करने का संकल्प लिया। श्री राय ने जोर देकर कहा कि पंचायतों में जितनी हरियाली होगी, वहां का वातावरण उतना ही शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक रहेगा। इस अवसर पर सरपंच संघ के अध्यक्ष एलम सिंह दांगी, सुदीप प्रजापति, सुनील राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


