सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर रविवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। यह हादसा गाय को बचाने के चक्कर में हुआ। हालांकि राहत भरी बात यह है कि इस हादसे में एक यात्री को चोंट आई है, जबकि शेष 25 यात्री सकुशल है।
पुलिस के अनुसार अहमदाबाद से भोपाल जा रही एक स्लीपर बस के सामने अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस चुनौतीपूर्ण मोड़ पर ड्राइवर ने गाय की जान तो बचाई ही, साथ ही अपनी कुशलता से बस में सवार यात्रियों को किसी बड़ी अनहोनी से भी बचा लिया। घटना सुबह करीब 8.20 बजे की है जब बस अपनी रफ्तार में भोपाल की ओर बढ़ रही थी। आष्टा के पास बेदाखेड़ी जोड़ पर अचानक एक गाय हाईवे के बीचों बीच आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि चालक बस को नहीं मोड़ता तो मवेशी की जान जाना निश्चित था। चालक ने हिम्मत दिखाते हुए स्टयरिंग मोड़ा, जिससे बस असंतुलित होकर सडक़ किनारे गड्ढे में जा पलटी।
देवदूत बनकर पहुंचे ग्रामीण
हादसे के तुरंत बाद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और बेदाखेड़ी के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। खबर मिलते ही अमलाहा चौकी और आष्टा थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर कांच तोडक़र और इमरजेंसी गेट से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस में सवार अधिकांश यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घायल यात्री का इलाज जारी
इस पूरी घटना में छत्तीसगढ़ कांकेर के रहने वाले 27 वर्षीय हरिश्चंद्र पटेल को नाक पर चोट आई है। अमलाहा टोल की एम्बुलेंस ने तत्काल घायल को आष्टा के अपोलो अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह है कि अन्य किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
सामान से लेकर गंतव्य तक की मदद
पुलिस ने न केवल घायलों की मदद की, बल्कि यात्रियों के सामान को सुरक्षित निकालकर उन्हें दूसरी बसों के जरिए भोपाल रवाना किया। हाईवे पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए क्रेन की मदद से बस को फौरन किनारे करवाया गया।


