सीहोर। जिला मुख्यालय की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेज.2 और आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की आहट ने लोगों की नींद उड़ा दी है। गुरुवार-शक्रवार की दरम्यानी रात कॉलोनी के पीछे खूंखार वन्य प्राणी देखे जाने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इसी बीच नजदीकी ग्राम जामोनिया तालाब में बीती रात एक अज्ञात जंगली जानवर ने खेत पर बंधे बछड़े का शिकार कर लिया, जिससे ग्रामीणों का डर और गहरा गया है।
बता दें गुरुवार रात करीब 9 बजे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे तेंदुए जैसा जानवर देखे जाने की खबर जैसे ही फैली, हडक़ंप मच गया। फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप पर चेतावनी भरे संदेश वायरल होने लगे। लोग एक-दूसरे को सतर्क रहने और घरों से बाहर न निकलने की सलाह देते रहे। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले गल्ला मंडी सायलो के पास भी जंगली जानवर के पगमार्क देखे गए थे। चूंकि इछावर और बुदनी क्षेत्र में पहले से ही तेंदुए की सक्रियता है, इसलिए नागरिक भारी अनिश्चितता के साये में हैं।
वन विभाग की रात भर सर्चिंग
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। जानवर को आबादी क्षेत्र से दूर खदेडऩे के लिए टीम ने कई स्थानों पर पटाखे भी चलाए। अंधेरा अधिक होने के कारण फिलहाल किसी हिंसक जानवर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन विभाग ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध पगमार्क दिखने पर तुरंत फोटो खींचकर सूचित करें।
सियार के हमले के बाद और बड़ा खौफ
शहर में इस कदर खौफ की एक बड़ी वजह हाल ही में हुई सियार के हमले की घटना भी है, जिसमें नौ लोग घायल हुए थे। इस ताजा घटनाक्रम के बाद हाउसिंग बोर्ड के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाया जाए और सुरक्षा के लिहाज से गश्त बढ़ाई जाए ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।


