सीहोर। जिले में पिछले दिनों हुए मौसम के अचानक बदलाव और ओलावृष्टि ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है। सीहोर विधानसभा क्षेत्र में असमय हुई भारी बारिश और तेज आंधी तूफान के कारण फसलों को पहुंचे नुकसान को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय ने गहरी चिंता व्यक्त की है। किसानों के दर्द को समझते हुए विधायक राय ने कलेक्टर बालागुरू के. को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराने और मुआवजे की मांग की है।
विधायक सुदेश राय ने कलेक्टर को भेजे पत्र में उल्लेख किया है कि दिनांक 27 जनवरी की रात जिले के कई हिस्सों में अचानक मौसम बदला और भारी बारिश के साथ तेज आंधी तूफान आया। इस प्राकृतिक आपदा के कारण खेतों में खड़ी फसलें आड़ी हो गई हैं और कई जगह ओलावृष्टि से फसलों को भारी क्षति पहुंची है। किसानों ने बड़ी उम्मीदों के साथ खाद, बीज और कड़ी मेहनत लगाकर फसलें तैयार की थीं, लेकिन कुदरत के इस कहर ने सब कुछ बर्बाद कर दिया।
तत्काल सर्वे और मुआवजे की अनुशंसा
विधायक ने पत्र के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि सीहोर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों में राजस्व विभाग की टीम भेजकर शीघ्र अतिशीघ्र सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए ताकि कोई भी पीडि़त किसान लाभ से वंचित न रहे। विधायक राय ने अनुशंसा की है कि नुकसान का सही आकलन कर किसानों को उचित राहत राशि के साथ-साथ फसल बीमा योजना का लाभ भी त्वरित दिलाया जाए।


