सीहोर। भोपाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा और विधायक सुदेश राय के देवीपुरा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिला मंत्री लालू बना चांदबढ़ जागीर ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है। सरकार की कोशिश है कि शासन की हर कल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि जनता का यही प्रेम सेवा की प्रेरणा देता है।
करोड़ों के विकास कार्यों से बदलेगी सीहोर की तस्वीर
विधायक सुदेश राय ने कहा कि सीहोर विधानसभा क्षेत्र में चहुंमुखी विकास के लिए करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विकास की यह सौगातें रुकेंगी नहीं, बल्कि आगे भी क्षेत्र की मांग के अनुसार नए प्रोजेक्ट्स लाए जाएंगे ताकि जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें।


