मिट्टी की कला से संवरेगा महिलाओं का भविष्य, टेराकोटा प्रशिक्षण का समापन, अरुणा राय बोलीं- स्वरोजगार की दिशा में बड़ा कदम

28 sehore photo 09

सीहोर। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को टेराकोटा कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। मध्य प्रदेश माटीकला बोर्ड और क्रिस्प के सहयोग से आयोजित इस 15 दिवसीय शिविर में महिलाओं को मिट्टी से सुंदर कलाकृतियां बनाने का हुनर सिखाया गया। समापन समारोह में समाजसेविका अरुणा सुदेश राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, वहीं जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षणार्थी महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए श्रीमती अरुणा सुदेश राय ने कहा कि टेराकोटा कला न केवल हमारी संस्कृति का हिस्सा है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार का एक सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने घोषणा की कि प्रशिक्षण लेने वाली सभी 27 महिलाओं को जल्द ही एडवांस टेराकोटा ट्रेनिंग भी दिलाई जाएगी, ताकि वे बाजार की मांग के अनुसार बेहतरीन उत्पाद तैयार कर सकें।
हुनर की हुई सराहना
जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उन्होंने माटीकला बोर्ड के अतिरिक्त संचालक आकाश गोयल और क्रिस्प की हैंडीक्राफ्ट हेड इरम परवीन के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर हेमंत प्रजापति द्वारा सिखाई गई बारीकियों और उनकी मेहनत की भी विशेष चर्चा हुई। अतिथियों ने कहा कि मिट्टी के काम में अपार संभावनाएं हैं और ग्रामीण महिलाएं इससे अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं।
प्रमाण पत्र पाकर खिले चेहरे
समारोह के अंत में सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अपना हुनर प्रदर्शित करने वाली महिलाओं के चेहरे पर आत्मनिर्भर बनने की खुशी साफ झलक रही थी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजपा जिला मंत्री प्रीति सोनी और हरीश सेठी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया गया।