मंत्रीजी के गढ़ में गरजा बुलडोजर…

28 sehore photo 08

सीहोर। इछावर में आज सुबह-सुबह चाय की चुस्की के साथ लोगों को बुलडोजर की दहाड़ भी सुनाई दी। प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन ने सालों बाद ऐसी बड़ी कार्रवाई की है कि अतिक्रमणकारियों के पसीने छूट गए। मंडी के पास सरकारी जमीन को अपनी जागीर समझकर बैठे लोगों के अवैध निर्माणों को प्रशासन ने मिट्टी में मिला दिया।
बुधवार सुबह करीब 8 बजे प्रशासन की भारी भरकम फौज ने भैरूंदा-इछावर मार्ग पर दस्तक दी। कार्रवाई को देखते हुए चार थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। एक साथ 4 बुलडोजर जब अवैध दुकानों और पक्की दीवारों पर चले तो विरोध करने वालों की भी बोलती बंद हो गई।
सिर्फ आम नहीं, खास पर भी गिरी गाज
इस कार्रवाई की सबसे बड़ी चर्चा यह है कि बुलडोजर ने सिर्फ छोटे दुकानदारों को नहीं, बल्कि इलाके के रसूखदारों को भी नहीं बख्शा। अतिक्रमण की इस लिस्ट में प्रभावशाली लोग शामिल थे। प्रशासन का कहना है कि नोटिस तो बहुत पहले ही दे दिए थे, लेकिन रसूख के नशे में लोग इसे मजाक समझ रहे थे। आखिरकार आज प्रशासन का सख्त मोड ऑन हो गया।
एसडीएम और एसडीओपी ने खुद संभाली कमान
मौके पर एसडीएम स्वाति मिश्रा और एसडीओपी रोशन जैन खुद डटे रहे। अफसरों ने साफ संदेश दे दिया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा अब बर्दाश्त नहीं होगा। अतिक्रमणकारियों में भले ही गुस्सा हो, लेकिन प्रशासन का कहना है कि यह तो बस शुरुआत है यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।