- सीहोर। जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मंगलवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर रुक-रुककर बुधवार सुबह तक जारी रहा, जिससे पूरे जिले में कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। विशेष रूप से जावर क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिर, वहीं बुदनी और रेहटी को छोडक़र जिले के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बता दें बीती रात मौसम में अचानक बदलाव हुआ और बारिश का दौर शुरू हो गया। जिले भर में पूरी-पूरी रात रुक-रुककर बारिश होती रही। इधर बारिश की वजह से बुधवार की सुबह पूरा जिला घने कोहरे की आगोश में रहा। सडक़ों पर विजिबिलिटी इतनी कम थी कि वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर रेंगना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन सर्द हवाओं के कारण चुभन वाली ठंड महसूस की गई। लोग ठिठुरन से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।
हल्का नुकसान, राहत ज्यादा
बता दें मंगलवार रात वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव के चलते तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जावर और आसपास के इलाकों में कुछ देर के लिए ओले गिरे। ओलावृष्टि की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। जावर तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर फसलों का निरीक्षण किया। तहसीलदार चोरमा के अनुसार निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि ओलों का आकार छोटा था और वे बहुत कम समय के लिए गिरे। वर्तमान स्थिति में नुकसान केवल 1 से 2 प्रतिशत ही है। जिन किसानों के पास सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं थे, उनके लिए यह बारिश अमृत के समान है। हालांकि चने और गेहूं की जिन फसलों में फूल आ रहे हैं, वहां आंशिक नुकसान की संभावना है, लेकिन कुल पैदावार पर कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ेगा।
सबसे ज्यादा सीहोर में बारिश
भू.अभिलेख विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले की औसत वर्षा 3.0 मिमी दर्ज की गई। वर्षामापी केंद्रों के अनुसार सीहोर 10.0 मिमी दर्ज की दर्ज की गई, जबकि आष्टा 3.0 मिमी, जावर 3.0 मिमी, इछावर 3.0 मिमी, भैरुंदा 3.0 मिमी, श्यामपुर 2.0 मिमी दर्ज की गई, जबकि बुदनी व रेहटी में बारिश नहीं हुई। बता दें जिले में 1 जून 2025 से अब तक कुल औसत वर्षा 1112.4 मिमी हो चुकी है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि तक यह आंकड़ा 1192.6 मिमी था।
छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले 24 घंटों के दौरान भी जिले में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि यदि खेतों में पानी जमा होता है तो उसकी निकासी की व्यवस्था करें और कीटों के प्रकोप पर नजर रखें।


