सीहोर। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर जहां पूरा देश तिरंगे को नमन कर रहा थाए वहीं भैरूंदा तहसील के ग्राम डिमावर से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहा के शासकीय विद्यालय में पदस्थ एक अतिथि शिक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गया। ग्रामीणों ने शिक्षक को पकडक़र उसका वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने अतिथि शिक्षक राजेश कुशवाह पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे की हालत में शिक्षक उस कमरे तक पहुंच गया जहां छात्राएं कपड़े बदल रही थीं। इस घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह शिक्षक पहले भी कई बार नशे में स्कूल आ चुका है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने घेरा, वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में ग्रामीण शिक्षक को घेरकर नाराजगी जताते दिख रहे हैं। 26 जनवरी जैसे गरिमामय दिन पर शिक्षक की इस हरकत ने स्कूल के अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अभिभावकों ने इसे बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बताते हुए शिक्षक को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
अधिकारी बोले, हटाने की प्रक्रिया शुरू
मामला तूल पकड़ते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी साक्षी जैन ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही संबंधित अतिथि शिक्षक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल इस घटना ने प्रशासन और शिक्षा विभाग की निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


