आज इतिहास रचेगा सीहोर, आसमान से बरसेगा आशीर्वाद….

26 sehore photo 23

सीहोर। शहर के धार्मिक इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुडऩे जा रहा है। गंज स्थित प्रसिद्ध करोली माता मंदिर में आयोजित भव्य सहस्त्र चंडी महायज्ञ के उपलक्ष्य में आज पहली बार हेलीकॉप्टर के जरिए पूरे शहर पर गंगाजल और नर्मदा जल का छिडक़ाव किया जाएगा। नगर शुद्धि के इस अनूठे आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में पहली बार सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यज्ञाचार्य महादेव शर्मा के मार्गदर्शन में जोड़ों सहित मुख्य यजमानों द्वारा माता रानी के दरबार में आहुतियां दी जा रही हैं। यज्ञ की पवित्र अग्नि और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा शहर भक्तिमय हो गया है। शाम के समय सतरंगी रोशनी से नहाया यज्ञ मंडप और भजनों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है।
आसमान से होगी पवित्र जल की वर्षा
यज्ञ समिति के अध्यक्ष विवेक राठौर और मुख्य यजमान तरुण राठौर ने बताया कि आज का दिन सीहोरवासियों के लिए बेहद खास है। शहर की सुख समृद्धि और शुद्धि के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा, जो आसमान से पवित्र गंगाजल और मां नर्मदा के जल की वर्षा करेगा। यह आयोजन संयुक्त मां कालका उत्सव समिति और समस्त शहरवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।
मां कूष्माण्डा की भक्ति का उल्लास
महायज्ञ के मीडिया प्रभारी प्रदीप समाधिया के अनुसार वर्तमान में नवरात्रि के क्रम में मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्माण्डा की विशेष आराधना की जा रही है। यज्ञाचार्य पंडित शर्मा ने बताया कि अष्टभुजाधारी मां कूष्माण्डा की मुस्कान से ही ब्रह्मांड का निर्माण हुआ है। मान्यता है कि उनकी साधना से सभी दुखों का नाश होता है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञशाला की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।