तिरंगे की आन-बान-शान में डूबा सीहोर, परेड ग्राउंड पर दिखी आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की झलक

26 sehore photo 21

सीहोर। देश के 77वें गणतंत्र दिवस पर समूचा सीहोर जिला देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में न केवल संवैधानिक मूल्यों का उत्सव मनाया गया, बल्कि विकास की दौड़ में दौड़ते सीहोर की भव्य तस्वीर भी पेश की गई। कलेक्टर बालागुरू के. ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए प्रदेश की समृद्धि का संकल्प दोहराया।
समारोह की शुरुआत कलेक्टर और एसपी दीपक कुमार शुक्ला द्वारा परेड निरीक्षण के साथ हुई। हवा में उड़ते रंग-बिरंगे गुब्बारों ने शांति और खुशहाली का संदेश दिया। इस अवसर पर जिले के उन गौरवशाली परिवारों को भी याद किया गया जिन्होंने देश की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. दरियाव सिंह, स्व. लीलाधर मिश्रा और स्व. अनोखीलाल दांगी के परिजनों सहित लोकतंत्र सेनानी द्वारका प्रसाद अग्रवाल को शासन की ओर से ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया गया।
झांकियों में दिखा विकास, नृत्यों में दिखी संस्कृति
परेड ग्राउंड उस समय तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा जब विभिन्न विभागों की झांकियों ने मैदान में प्रवेश किया। कृषि विभाग की झांकी ने जिले के उन्नत किसान और आधुनिक खेती की तस्वीर पेश कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं स्कूली बच्चों ने शासकीय सांदीपनी और सेंट ऐंस स्कूल के बैनर तले सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भारत की विविधता और एकता का संदेश दिया।
विजेता जिन्हें मिला सम्मान की सौगात
मार्च पास्ट: (सीनियर) महिला पुलिस बल प्रथम, जिला पुलिस बल पुरुष द्वितीयद्ध।
परेड जूनियर: कस्तूरबा स्कूल प्रथम, शारदा विद्या मंदिर द्वितीय।
सर्वश्रेष्ठ झांकी: कृषि विभाग प्रथम, उद्योग केंद्र द्वितीय, जिला पंचायत तृतीय।
अधिकारी सम्मान: परेड कमांडर सूबेदार अजय भिरे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अमले को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
स्मार्ट क्लास में बच्चों के साथ साझा किया निवाला
औपचारिक समारोह के बाद प्रशासन का मानवीय चेहरा भी सामने आया। कलेक्टर और एसपी ग्राम बिजोरी पहुंचे, जहां उन्होंने न केवल स्कूल की स्मार्ट क्लास का जायजा लिया, बल्कि जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। अधिकारियों का बच्चों के बीच इस तरह पहुंचना चर्चा का विषय रहा। इस गरिमामय कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा सहित जिले के तमाम आला अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।