आत्महत्या प्रयास मामला: थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर करणी सेना ने सौंपा ज्ञापन

21 sehore photo 04

सीहोर। जावर में शिशुपाल सिंह ठाकुर द्वारा प्रताडऩा से तंग आकर आत्महत्या के प्रयास के मामले में अब आक्रोश बढऩे लगा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में करणी सैनिकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। करणी सेना ने जावर थाना प्रभारी नीता देअरवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
गौरतलब है कि करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के करीबी और जावर निवासी शिशुपाल सिंह ने पिछले दिनों जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। वर्तमान में उनका इंदौर के अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जहर खाने से पहले शिशुपाल ने एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें उन्होंने तीन स्थानीय युवकों अंकुश सिंह मेहतवाड़ा, रितेश बागवान और बाबू मोगिया सहित जावर थाना प्रभारी नीता देअरवाल पर मानसिक प्रताडऩा और अपमानित करने के आरोप लगाए थे।
पिता के सामने किया अपमानित
वायरल वीडियो में शिशुपाल ने आरोप लगाया था कि एक विवाद की शिकायत करने जब वे थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की। उल्टा रात के समय थाना प्रभारी उनके घर पहुंचीं और उन्हें धमकाया। शिशुपाल के अनुसार टीआई ने उनके पिता के सामने उन्हें बेइज्जत किया और उनके व्यवसाय (ढाबा) को बंद कराने की धमकी दी। इसी अपमान से आहत होकर उन्होंने कैमरे के सामने ही जहर पी लिया।
करणी सेना की चेतावनी
करणी सैनिकों का कहना है कि पुलिस केवल आम लोगों पर कार्रवाई कर रही है, जबकि असली प्रताडऩा का आरोप थाना प्रभारी पर है। उन्होंने मांग की है कि जब तक थाना प्रभारी को हटाया नहीं जाता तब तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाने की चेतावनी दी है।