सीहोर। मातृशक्ति के सम्मान में, महिला मोर्चा मैदान में के नारे के साथ मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नगर अध्यक्ष सीमा परिहार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटी महिला कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड क्षेत्र में विधायक का पुतला दहन किया और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया ने एक सार्वजनिक मंच से भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं और नेताओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद से ही पूरे प्रदेश में भाजपा महिलाओं के सम्मान को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।
कांग्रेस की सोच पर उठाए सवाल
पुतला दहन के दौरान महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष सीमा परिहार ने कहा कि फूलसिंह बरैया का बयान कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि यह कांग्रेस की महिलाओं के प्रति संकुचित सोच और संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के मन में नारी शक्ति के प्रति रत्ती भर भी सम्मान नहीं है, जिसे प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
प्रदर्शन में ये रहीं मौजूद
आयोजित इस कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी अर्चना चौहान, जिला उपाध्यक्ष हर्ष राठौर, नगर मंडल महामंत्री पुष्प लता राठौर, सोनू ठाकुर, ज्योति पांडे, सुशीला, आशा, राखी, रजनी, पूजा, माया बाई, मथुरा बाई, रानी राठौर, कुंती सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित थी।


