सीहोर। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए जिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में हेरफेर करने के लिए सरकारी मशीनरी पर दबाव बनाया जा रहा है।
ज्ञापन का वाचन करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने सीधे तौर पर सत्ताधारी दल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेताओं द्वारा बीएलओ पर विपक्षी मतदाताओं के नाम कटवाने का अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि केवल निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत रूप से छपे फार्म-07 ही स्वीकार किए जाएं और बाहर से छपवाकर लाए गए फॉर्मों को तत्काल निरस्त किया जाए।
पारदर्शिता के लिए रखीं प्रमुख मांगें
सीमित फॉर्म: पारदर्शिता के लिए एक दिन में एक बूथ पर अधिकतम 15 फॉर्म ही स्वीकार किए जाएं।
उपलब्धता: फार्म-07 की बूथवार और तिथिवार जानकारी सार्वजनिक की जाए ताकि अवलोकन हो सके।
बीएलओ की उपस्थिति: कई बूथों पर बीएलओ नाम जोडऩे में आनाकानी कर रहे हैं या अनुपस्थित रहते हैं, उन पर सख्त कार्रवाई हो।
निष्पक्षता की अपील
राजीव गुजराती ने कहा कि बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना अपना काम करें। यदि कोई कर्मचारी अनैतिक कार्य करता पाया जाता है तो उसे तत्काल निलंबित किया जाए। इस दौरान विवेक राठौर, प्रीतम दयाल चौरसिया, सुनील दुबे और केके रिछारिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


