विदिशा के मंच से सीहोर को मिली बड़ी उपलब्धि, शिवराज सिंह ने रखी सुदेश राय की बात, नितिन गडकरी ने लगाई मुहर
सीहोर। राजनीति में इच्छाशक्ति और अपने क्षेत्र के प्रति समर्पण हो तो नामुमकिन कुछ भी नहीं। विधायक सुदेश राय ने इसे सच कर दिखाया है। अपनी विधानसभा की जनता को बदहाल सडक़ और ट्रैफिक के दबाव से मुक्ति दिलाने के लिए विधायक सुदेश राय पड़ोसी जिले विदिशा में आयोजित केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम में जा पहुंचे। उनकी इस ‘भागदौड़’ और मेहनत का सुखद परिणाम यह रहा कि अब सीहोर से श्यामपुर तक की सडक़ को फोरलेन में तब्दील करने की बड़ी सौगात मिल गई है।
बता दें तीन दिन पहले विदिशा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद थे। इसी मंच पर विधायक सुदेश राय भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। उनका एकमात्र लक्ष्य अपनी विधानसभा की सबसे महत्वपूर्ण मांग ‘सीहोर-श्यामपुर मार्ग को फोरलेन करवाना था।
नितिन जी, यह सुदेश राय की प्रबल इच्छा है
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय की भावनाओं को शब्द दिए। शिवराज सिंह ने नितिन गडकरी से निवेदन करते हुए कहा नितिन जी, मैं आपसे सीहोर विधानसभा के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात मांगता हूं। सीहोर से श्यामपुर तक की सडक़ को फोरलेन कर दीजिए। यह वहां के विधायक सुदेश राय की प्रबल इच्छा है और वह अपनी जनता को यह उपहार देना चाहते हैं।
गडकरी ने दी तत्काल मंजूरी
शिवराज सिंह चौहान के इस विशेष आग्रह और विधायक सुदेश राय की सक्रियता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंच से ही सीहोर-श्यामपुर सडक़ को फोरलेन बनाने की घोषणा कर दी। इस सौगात के बाद अब न केवल सीहोर से श्यामपुर का सफर आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
कहीं भी जा सकते हैं विधायक राय
इस बड़ी सौगात के बाद पूरी विधानसभा में विधायक सुदेश राय की कार्यशैली की जमकर तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि विधायक हो तो ऐसे, जो अपने क्षेत्र के विकास के लिए दूसरे जिले में भी जा पहुंचे और केंद्र तक अपनी बात मजबूती से पहुंचाकर सफलता हासिल की।


