अरोरा निवास पर विधायक राय ने सपरिवार मनाई लोहड़ी, जिलेवासियों को दी बधाई

14 sehore photo 16

सीहोर। उत्तर भारत का प्रमुख पर्व लोहड़ी मंगलवार को शहर भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में विधायक सुदेश राय अपने परिवार के साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के निवास पर पहुंचे। जहां दोनों परिवारों ने मिलकर परंपरागत तरीके से लोहड़ी का पर्व मनाया और पवित्र अग्नि के समक्ष मत्था टेककर क्षेत्र की उन्नति की प्रार्थना की।
मंगलवार शाम को आयोजित इस कार्यक्रम में अरोरा निवास पर उत्सव का माहौल रहा। विधायक सुदेश राय और जसपाल सिंह अरोरा ने पवित्र अग्नि (अलाव) में तिल, गुड़, रेवड़ी और मूंगफली अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले मिलकर लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं।
जिले की खुशहाली के लिए मांगी दुआ
लोहड़ी की अग्नि के चारों ओर परिक्रमा करते हुए विधायक सुदेश राय और जसपाल सिंह अरोरा ने जिले, प्रदेश और पूरे देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक राय ने कहा कि लोहड़ी का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। यह त्योहार हमारी नई फसल के आने की खुशी और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है।
अरोरा ने डाला पर्व के महत्व पर प्रकाश
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोहड़ी बुराई पर अच्छाई की जीत और नई शुरुआत का संदेश देती है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और खुशहाली लेकर आए।
श्रीमती अमिता-अरुणा ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर श्रीमती अमिता अरोरा और श्रीमती अरुणा राय ने भी विशेष रूप से शिरकत की। दोनों ने जिले की महिलाओं और नागरिकों को लोहड़ी पर्व की लख-लख बधाइयां देते हुए सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।
लोहड़ी का महत्व
उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति से ठीक एक दिन पहले मनाया जाने वाला यह त्योहार किसानों और आम जन के लिए विशेष महत्व रखता है। यह समय सर्दियों की विदाई और रबी की फसलों के लहलहाने का प्रतीक है। दुल्ला भट्टी की वीरता की याद और नई फसल के स्वागत में मनाए जाने वाले इस पर्व ने अरोरा निवास पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया।