सीहोर। आस्था और उल्लास का महापर्व मकर संक्रंति आज जिले भर में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सुबह की पहली किरण के साथ ही जिले की जीवनदायिनी नदियों के घाट जयकारों से गूंज उठे।
मकर संक्रांति पर पवित्र स्नान का विशेष महत्व होने के कारण जिले में प्रवाहित होने वाली नर्मदा और पार्वती नदियों पर अलसुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। बुदनी क्षेत्र में नर्मदा घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों ने डुबकी लगाई और सूर्य देव को अघ्र्य देकर दान-पुण्य किया। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और तिल-गुड़ का दान कर पुण्य लाभ कमाया।
सतरंगी पतंगों से सजा आसमान
नदी तटों पर पूजा-अर्चना के बाद उत्सव का रंग शहर की छतों पर देखने को मिला। जिले भर में पतंगबाजी का जबरदस्त क्रेज नजर आ रहा है। सीहोर, आष्टा, इछावर और बुदनी में बच्चे हों या बुजुर्ग सभी छतों पर पतंग उड़ाते देखे जा रहे हैं। आसमान रंग-बिरंगी और सतरंगी पतंगों से पूरी तरह ढका हुआ नजर आ रहा है। वो काटा के शोर के साथ पूरा शहर उत्सव के माहौल में डूबा हुआ है।
पुलिस प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में पूरे जिले में पुलिस अलर्ट मोड पर है। चायनीज मांझे की शिकायत पर आष्टा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की भारी खेप 16000 मीटर जब्त की है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि जानलेवा डोर का उपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
घाटों पर सुरक्षा
नर्मदा और पार्वती नदियों के प्रमुख घाटों पर होमगार्ड और पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्नान के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।
दान-पुण्य का दौर जारी
शहर के प्रमुख चौराहों और मंदिरों के बाहर खिचड़ी, तिल के लड्डू और ऊनी कपड़ों के दान का सिलसिला भी दिनभर चलता रहा। मकर संक्रांति के इस पर्व ने जिले में चारों ओर खुशहाली और मेल-मिलाप का माहौल बना हुआ है।


