सीहोर। मकर संक्रांति के पर्व पर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले चाइनीज मांझे के विरुद्ध पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आष्टा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना आष्टा पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 17 काछी मोहल्ला में अवैध रूप से प्रतिबंधित मांझे का भंडारण किया गया है। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने लीला कुशवाहा (उम्र 56 वर्ष) के कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की 04 बड़ी चखरी बरामद कीं।
16 हजार मीटर जानलेवा डोर बरामद
पुलिस द्वारा जब्त किए गए इस मांझे की कुल लंबाई लगभग 16000 मीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 6000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 एवं मध्यप्रदेश पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चारों विधानसभा क्षेत्रों में पुलिस ‘अलर्ट मोड’ पर
एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पुलिस की प्राथमिकता है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों सीहोर, आष्टा, बुदनी और इछावर में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाएं और जो भी दुकानदार या व्यक्ति प्रतिबंधित मांझा बेचते या इस्तेमाल करते पाया जाए उस पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस की अपील: सुरक्षा को दें प्राथमिकता
आष्टा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पतंगबाजी के दौरान सूती धागे का ही उपयोग करें। चाइनीज मांझा न केवल पक्षियों के लिए घातक है, बल्कि यह दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित मांझे के विरुद्ध यह प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


