विधायक सुदेश राय ने कस्बा को दी बड़ी सौगात, संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ

13 sehore photo 11

सीहोर। कस्बा क्षेत्र के हजारों नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। विधायक सुदेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक 34 निजामत के पास में नवनिर्मित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधि-विधान से फीता काटकर लोकार्पण किया।
बता दें विधायक सुदेश राय की विशेष अनुशंसा और सांसद आलोक शर्मा की निधि से इस सर्वसुविधा युक्त भवन का निर्माण कराया गया है। लगभग 36 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तैयार यह क्लीनिक मप्र सरकार की स्वास्थ्य प्राथमिकताओं का हिस्सा है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
15 हजार नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ
इस क्लीनिक के खुलने से वार्ड नंबर 30, 31, 32, 33, 34 और 35 के लगभग 15 हजार निवासियों को सीधे तौर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। विधायक सुदेश राय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में हमारी सरकार हर नागरिक के स्वास्थ्य के प्रति सजग है। इस संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ तैनात रहेगा। यहां मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां, इंजेक्शन और परामर्श मिलेगा, जिससे जिला अस्पताल पर बोझ कम होगा और स्थानीय लोगों का समय व पैसा बचेगा।
स्वास्थ्य विभाग करेगा संचालन
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस आरोग्य मंदिर का संचालन जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मालती आर्य की देखरेख में किया जाएगा। उद्घाटन के अवसर पर पार्षद हेमा सुदीप व्यास, रजनी सत्यनारायण, सुदीप प्रजापति, अशोक राठौर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।