सीहोर। मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों मनरेगा को लेकर जिला सियासी अखाड़ा बन गया है। चार दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीहोर के इछावर क्षेत्र में रात गुजारकर सरकार को घेरा था तो सोमवार को जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने मोर्चा संभालते हुए उन पर करारा पलटवार किया। होटल क्रिसेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रभारी मंत्री ने साफ किया कि सरकार पुरानी व्यवस्थाओं में सुधार कर वीबी.जी रामजी (विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन योजना के जरिए गांवों की तस्वीर बदलने जा रही है। हालांकि पीसी के दौरान पालक मंत्री श्रीमति गौर ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का नाम लिए बगैर ही कांग्रेस पर निशाना साधा है।
गौरतलब है कि चार दिन पहले राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के निर्वाचन क्षेत्र के ग्राम खेरी में मजदूरों से संवाद किया था। उन्होंने मनरेगा का नाम बदलने और उसमें आ रही तकनीकी खामियों को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधा था।
दिग्विजय के इन्हीं आरोपों का जवाब देने सोमवार को प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर सीहोर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाकर ग्रामीणों को गुमराह कर रही है। मंत्री गौर ने योजना का बचाव करते हुए कहा कि जहां मनरेगा में सिर्फ 100 दिन का काम मिलता था, वहीं नई योजना वीबी.जी रामजी में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है।
बजट में तीन गुना इजाफा
प्रभारी मंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि कांग्रेस के समय इस योजना का बजट महज 35 हजार करोड़ था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बढ़ाकर अब 95 हजार करोड़ रुपये कर दिया है। यह सुधार प्रक्रिया का हिस्सा है। अब मजदूरों को डिजिटल और बायोमेट्रिक प्रणाली से भुगतान होगा, जिससे भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अब योजना में जियो-टैगिंग और सोशल ऑडिट को अनिवार्य किया गया है।
खेती और उद्योगों का अनूठा संगम
कृष्णा गौर ने कहा कि वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किया गया है। नई योजना के तहत अब सिर्फ गड्ढे नहीं खोदे जाएंगे, बल्कि स्कूलों के भवन, पुस्तकालय, कोल्ड स्टोरेज और सोलर पैनल जैसे स्थाई निर्माण होंगे। सबसे बड़ी राहत किसानों के लिए है, फसलों की बुवाई और कटाई के समय व्यस्ततम 60 दिन योजना को अधिसूचित कर मजदूरों को खेती के लिए उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे किसानों को मजदूर मिलेंगे और मजदूरों की आय भी बढ़ेगी।
विपक्ष को नसीहत
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ाए विधायक सुदेश राय और नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर भी मौजूद रहे। मंत्री ने अंत में तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को विरोध के बजाय तथ्यों पर बात करनी चाहिए। यह मिशन 2047 तक विकसित भारत के सपने को सच करने वाला मील का पत्थर साबित होगा।


