सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित आवासीय खेल मैदान पर सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का मुख्य आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में उस समय डर का माहौल बन गया, जब योग कर रहे छात्रों के बीच अचानक एक आवारा कुत्ता घुस आया।
जब विद्यार्थी आकाशवाणी से मिल रहे निर्देशों पर सूर्य नमस्कार के आसन कर रहे थे, तभी एक आवारा कुत्ता तेजी से बच्चों की कतारों के बीच दौडऩे लगा। कुत्ते को अपने इतने करीब देखकर छात्र डर गए और उनका योग का अनुशासन बिगड़ गया। कुछ बच्चे डर के मारे पीछे हटने लगे।आयोजन स्थल पर इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा और प्रबंधन की इस चूक पर अब सवाल उठ रहे हैं।
प्रदेश भर में युवा दिवस की धूम
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। सीहोर सहित पूरे प्रदेश में स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया गया। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं छात्रों के साथ सूर्य नमस्कार कर युवाओं को फिटनेस का संदेश दिया। सीहोर के आवासीय मैदान पर हुए आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।


