कुबेरेश्वर धाम में सजेगा मिनी महाकुंभ, बनाया यह स्पेशल प्लान…

02 sehore photo 02

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम आगामी 17 फरवरी से ऐतिहासिक धार्मिकता का साक्षी बनने जा रहा है। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी विठ्ठलेश्वर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘रुद्राक्ष महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश सहित देश भर से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। आयोजन की भव्यता को देखते हुए इस बार श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। समिति और प्रशासन ने मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं की खास व्यवस्था की है, जिसमें आपात स्थिति में मरीज को पांडाल के भीतर ही तत्काल इलाज मिल सकेगा।
विठ्ठलेश्वर धाम सेवा समिति के प्रवक्ता मनोज दीक्षित ने बताया कि आयोजन के दौरान लाखों की भीड़ के कारण अक्सर बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है, इसी चुनौती से निपटने के लिए इस बार 20 एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था की गई है। इनमें 15 फोर व्हीलर एंबुलेंस मुख्य मार्गों और पार्किंग स्थलों पर तैनात रहेंगी, जबकि 5 एंबुलेंस ‘बाइक मोबाइल’ के रूप में रहेंगी। ये बाइक एंबुलेंस संकरी गलियों और पांडाल के भीतर भीड़ के बीच से भी मरीज तक तेजी से पहुंच सकेंगी, जो सीधे मरीज को फोर व्हीलर एंबुलेंस तक पहुंचा सकेगी।
धाम पर मिनी आईसीयू, रेलवे स्टेशन पर डॉक्टरों की तैनाती
आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। बीते दिनों ही कलेक्टर बालागुरू ने आयोजन को लेकर विशेष बैठक ली। स्वास्थ्य सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए कलेक्टर बालागुरू के. ने कथा स्थल पर ही एक मिनी आईसीयू स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। यहां पर्याप्त दवाएं, ऑक्सीजन और जीवन रक्षक उपकरण मौजूद रहेंगे। साथ ही प्रवक्ता दीक्षित ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर भी डॉक्टरों की विशेष टीम 24 घंटे तैनात रहेगी।
प्रदीप मिश्रा संग मंच साझा करेंगे बागेश्वर सरकार
इस बार का रुद्राक्ष महोत्सव एक और बड़े कारण से खास होने वाला है। आयोजन में सनातन धर्म के प्रखर ध्वजवाहक बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आगमन हो रहा है। वह और पंडित प्रदीप मिश्रा एक साथ मंच साझा करेंगे। बता दें देश के दो बड़े कथा वाचकों को एक ही मंच पर देखने के लिए श्रद्धालुओं में भी उत्सुकता बनी हुई है। आयोजन की भव्यता को देखते हुए समिति ने भव्य और मजबूत डोम पांडाल तैयार किया गया है।
15 जनवरी से रुद्राक्ष वितरण बंद, मार्च में होगा शुरू
प्रवक्ता दीक्षित ने बताया कि रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान रुद्राक्ष का वितरण नहीं किया जाएगा। प्रवक्ता दीक्षित ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को देखते हुए 15 जनवरी से रुद्राक्ष वितरण कार्य बंद कर दिया जाएगा, जो महोत्सव के बाद मार्च महीने में पुन: प्रारंभ होगा। प्रवक्ता दीक्षित ने बताया कि समिति का पूरा ध्यान भक्तों को सुलभ दर्शन, आवास और पेयजल उपलब्ध कराने पर है। 10 एकड़ में विशाल भोजनशाला का निर्माण भी किया जा रहा है।
ऑटो का किराया फिक्स, कंट्रोल रूम होगा स्थापित
कलेक्टर और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने तैयारियों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से ऑटो चालक अधिक वसूली न कर सकें, इसके लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से किराया निर्धारित किया जाएगा। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग कथा स्थल के भोजन और पेयजल की नियमित जांच करेगा। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे और एक आधुनिक कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति और चलित शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी।
धाम के समीप बनेगा हेलीपेड
विट्ठलेश्वर सेवा समिति के प्रवक्ता मनोज दीक्षित ने बताया कि बीते आयोजन में हेलीपेड अल्हादाखेड़ी पर होता था, जिससे वीवीआईपी के आने के दौरान हाईवे पर अव्यवस्थाओं का आलम होता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। आयोजन समिति की प्लानिंग के अनुसार इस बार हेलीपेड की व्यवस्था धाम के समीप ही की जा रही है, ताकि वीवीआईपी के आने पर इंदौर-भोपाल हाईवे पर टै्रफिक व्यवस्था प्रभावित न हो।