पुलिस की एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस मुखर, थाना कोतवाली पर लगाए पक्षपात के आरोप

10 sehore photo 05

  • सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने पुलिस प्रशासन विशेषकर कोतवाली थाने की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सत्ताधारी दल के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जानबूझकर एकतरफा कार्रवाई कर रहा है, जबकि भाजपाई गुंडागर्दी की ओर आंखें मूंद ली गई हैं।
    राजीव गुजराती ने कहा कि साल 2025 में पंकज शर्मा और अब नववर्ष 2026 की शुरुआत में ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज करना पुलिस की पक्षपाती मानसिकता को बताता है। उन्होंने कहा हम गांधीवादी लोग हैं और हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। यदि हमारा कोई साथी (कांग्रेसी) अपराध करता है तो उस पर एफआईआर हो और न्यायालय सजा भी दे, हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सवाल यह है कि कोतवाली पुलिस के सामने भाजपा नेता जो सरेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं उन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती। उन्होंने कोतवाली थाने की इस एकतरफा कार्यप्रणाली को जनता के सामने लाने की अपील की।
    मनरेगा की ‘हत्या’ के शिल्पकार हैं शिवराज
    पत्रकारवार्ता में राजीव गुजराती ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसका मुख्य जिम्मेदार केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ठहराते हुए कहा कि नई नीति के तहत 60.40 के फंडिंग फार्मूले से मध्य प्रदेश पर सालाना 5000 करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि फसल के दौरान 60 दिनों का ‘काम बंद’ नियम मजदूरों को सस्ते में निजी खेतों में काम करने पर मजबूर करेगा, जिससे पलायन बढ़ेगा। गुजराती ने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना भाजपा की सामंती और गांधी-विरोधी सोच का प्रमाण है।
    समस्याओं और भ्रष्टाचार पर होगा आंदोलन
    जिलाध्यक्ष गुजराती ने शहर की स्थानीय समस्याओं पर भी प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि शहर में गंदे पानी की सप्लाई एक बड़ी समस्या है। नेता प्रतिपक्ष के साथ वे जल्द ही फिल्टर प्लांट और टंकियों का दौरा करेंगे। इसके अलावा उन्होंने पीजी कॉलेज के प्राचार्य द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार और इंदौर के भागीरथपुरा कांड को लेकर भी आंदोलन की रणनीति बनाने की बात कही। राजीव गुजराती ने चेतावनी दी कि अगर कोतवाली पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधारी और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दमनकारी नीति बंद नहीं की तो कांग्रेस सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।