सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के इछावर दौरे और रात्रि विश्राम को लेकर जारी बयानबाजी के बीच अब कांग्रेस के अंदरूनी गलियारों से प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। दिग्विजय सिंह ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष और जिला कांग्रेस के पूर्व महामंत्री कमलेश चाण्डक ने पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. बलवीर तोमर को नसीहत देते हुए क्षेत्र में सक्रिय होने की सलाह दी है।
कमलेश चाण्डक ने डॉ. तोमर के हालिया बयानों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे पार्टी के एक वरिष्ठ नेता हैं। ऐसे में उन्हें केवल बयानों तक सीमित रहने के बजाय जमीन पर उतरकर काम करना चाहिए। चाण्डक ने कहा कि डॉ. तोमर को विधानसभा क्षेत्र के गरीब, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों के बीच पहुंचना चाहिए।
पदयात्रा से मजबूत होगी कांग्रेस
चाण्डक ने सुझाव दिया कि डॉ. तोमर को पूरी विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा करनी चाहिए और उन्हीं गरीब परिवारों के बीच रात्रि विश्राम करना चाहिए। उन्होंने कहा अगर वरिष्ठ नेता जनता के बीच जाकर समय बिताएंगे तो इससे कांग्रेस की रीति-नीति अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगी और संगठन को मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों दिग्विजय सिंह के इछावर दौरे के दौरान उनके रुकने के स्थान को लेकर डॉ. तोमर ने बयान दिया था, जिसके जवाब में अब चाण्डक ने उन्हें जनता के बीच जाने और पदयात्रा करने की यह सलाह दी है।


