एसडीएम कार्यालय पहुंचा गंदे पानी का मामला, वार्ड 30 के लोग बोले, शुद्ध पानी चाहिए

10 sehore photo 03

सीहोर। वार्ड क्रमांक 30 में नलों से आ रहे गंदे, बदबूदार और सीवेज मिले पानी को लेकर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आज़म लाला के नेतृत्व में वार्डवासी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर साफ पेयजल की मांग की।
आज़म लाला ने बताया कि वार्ड 30 में काफी समय से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। मजबूरी में लोग वही पानी पी रहे हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सेहत पर खतरा बढ़ गया है।
इंदौर की घटना का दिया हवाला
ज्ञापन में इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों का जिक्र करते हुए प्रशासन को चेताया गया। उन्होंने कहा कि समय रहते पाइपलाइन की जांच और मरम्मत नहीं हुई तो वार्ड 30 में भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्वास्थ्य पर असर, लोग परेशान
वार्डवासियों ने बताया कि पानी मटमैला और बदबूदार आ रहा है। कई घरों में उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायतें सामने आई हैं। लोग पानी उबालकर पीने को मजबूर हैं।
ये मांगें रखीं

  • – पानी की पाइपलाइन की तुरंत जांच हो
  • – सीवेज मिलावट का कारण दूर किया जाए
  • – पानी की लैब जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए
  • – समस्या सुलझने तक टैंकर से शुद्ध पानी दिया जाए
  • – लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई हो
    नारेबाजी कर जताया रोष
    एसडीएम कार्यालय के बाहर लोगों ने नारेबाजी कर नाराजगी जताई. इस मौके पर जमशेद पहलवान, रवि पांडे, आसिफ भाई, मजीद खान, अकरम खान, शमीम भाई, गुड्डू भाई, अमित शर्मा, इमरान लाला सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।