चीनी मांझा बना जानलेवा, कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग

10 sehore photo 03

सीहोर। शहर में प्रतिबंध के बावजूद चीनी मांझे की बिक्री और उपयोग लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इसको लेकर आशीष गहलोत ने नाम बयान जारी कर चीनी मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आशीष गहलोत ने कहा कि हर वर्ष संक्रांति एवं त्योहारी सीजन में पतंग उड़ाने के दौरान चीनी मांझे का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाता है। यह मांझा अत्यंत धारदार और जानलेवा होता है, जिससे बाइक सवार, पैदल राहगीर, बच्चे और पक्षी तक गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। कई मामलों में नाक, कान और गले कटने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा चीनी मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद शहर और आसपास के क्षेत्रों में इसकी खुलेआम बिक्री की जा रही है। प्रतिबंधित सामग्री बेचने वाले दुकानदारों पर न तो जप्ती की जा रही है और न ही कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। आशीष गहलोत ने कलेक्टर से मांग की है कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चीनी मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर तत्काल कड़ाई से रोक लगाई जाए। साथ ही दोषी दुकानदारों के विरुद्ध जप्ती व दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर आमजन में जागरूकता बढ़ाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को तुरंत प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।