सीहोर। सुरक्षित मानी जाने वाली राजस्व कॉलोनी में चोरों ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने आरटीओ दफ्तर के पास स्थित इस पॉश कॉलोनी को निशाना बनाते हुए एसडीएम, तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारियों सहित करीब एक दर्जन घरों के ताले चटका दिए। नए साल के दूसरे सप्ताह में हुई इस बड़ी वारदात से प्रशासनिक अमले और शहरवासियों में हडक़ंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। राजस्व कॉलोनी में रहने वाले कई बड़े अधिकारियों के सरकारी आवासों के ताले टूटे मिले। बताया जा रहा है कि चोरों ने उन घरों को विशेष रूप से निशाना बनाया जहां अधिकारी छुट्टी या किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे। सुबह जब पड़ोसियों और कर्मचारियों ने दरवाजों के ताले टूटे देखे, तब चोरी की इस बड़ी घटना का खुलासा हुआ।
साल की शुरुआत में ही पुलिस को चुनौती
बीते कुछ दिनों से शहर में चोरी की घटनाएं शांत थीं, जिससे लग रहा था कि अपराधों पर अंकुश लग गया है। लेकिन साल 2026 के दूसरे ही हफ्ते में चोरों ने एक साथ इतनी बड़ी वारदात कर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। एक साथ 10 से 12 घरों के ताले टूटना इस बात का संकेत है कि चोरों का गिरोह काफी सक्रिय और बेखौफ है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।


