थार कांड: महिला एसआई पर कार्रवाई की मांग, न्याय के लिए आज एसपी ऑफिस पर भूख हड़ताल करेंगे परिजन

12 sehore photo 12

सीहोर। इंदौर-भोपाल नेशनल हाईवे के झगरिया जोड़ पर 12 दिसंबर को महिला उपनिरीक्षक की तेज रफ्तार थार कार से हुए भीषण हादसे में अब पीडि़त परिवार ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। हादसे में अपनी जान गंवाने वाले विजय राजोरिया के परिजन और घायल पक्ष आज दोपहर 12.30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। परिजनों का आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें उचित न्याय नहीं मिला है।
उल्लेखनीय है कि आष्टा थाने में पदस्थ महिला एसआई किरण राजपूत अपनी लग्जरी थार एसयूवी से भोपाल की ओर जा रही थीं, तभी बिलकिसगंज जोड़ पर उनकी कार ने कहर बरपाया। कार ने सडक़ किनारे कंबल बेच रहे उज्जैन निवासी वकील और लखन को रौंदने के बाद बाइक सवार दो भाइयों हृदेश और विजय को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में रातीबड़ निवासी विजय की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे के बाद कंबल विक्रेता तूफान सिंह बंजारा की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला एसआई किरण राजपूत के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज कर ली है, लेकिन पीडि़त परिवार पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। परिजनों का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी से जुड़ा मामला होने के कारण जांच प्रभावित हो रही है। इसी के विरोध में आज एसपी दफ्तर पर भूख हड़ताल कर न्याय की गुहार लगाई जाएगी।