सीहोर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में सामाजिक समरसता के बड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल में आगामी 12 जनवरी को एक विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा होंगे, जो समाज को एकजुटता और छुआछूत मुक्त राष्ट्र का संदेश देंगे।
बता दें संघ द्वारा शुरू किए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज से जाति-पाति के भेदभाव को खत्म करना है। 20 दिसंबर से शुरू हुआ यह अभियान 20 जनवरी तक चलेगा, जिसमें हर 10 हजार की आबादी पर सम्मेलन किए जा रहे हैं। भोपाल के समिधा भवन संघ मुख्यालय क्षेत्र की बस्ती में आयोजित होने वाले सम्मेलन में पंडित प्रदीप मिश्रा विशेष रूप से शामिल होंगे। इस दौरान सहभोज का भी आयोजन होगा, जहां समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ बैठकर भोजन करेंगे।


