सीहोर में सालभर के भीतर हुए 21 मर्डर, 163 महिलाओं की अस्मत हुई तार-तार

08 sehore photo 10

सीहोर। जिला पुलिस द्वारा जारी साल 2025 के अपराध आंकड़ों ने एक तरफ जहां पुलिस की सक्रियता का दावा पेश किया है, वहीं दूसरी ओर समाज के भीतर पनप रहे गंभीर अपराधों की तस्वीर भी साफ कर दी है। बीते एक साल के भीतर जिले में 21 हत्याएं हुईं और 163 महिलाओं की अस्मत के साथ खिलवाड़ किया गया। हालांकि पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला का कहना है कि पुलिस की प्रभावी गश्त और त्वरित कार्यवाही के कारण पिछले साल 2024 के मुकाबले गंभीर अपराधों में बड़ी कमी आई है।
पुलिस द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार साल 2025 में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मर्डर के कुल 21 मामले सामने आए। हालांकि यह आंकड़ा डराने वाला है, लेकिन राहत की बात यह है कि साल 2024 में यह संख्या 25 थी। यानी हत्या के मामलों में 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही जानलेवा हमले (हत्या के प्रयास) की वारदातों में भी कमी आई है। साल 2024 में 38 लोगों पर जानलेवा हमले हुए थे, जो इस साल घटकर 30 रह गए हैं।
163 बलात्कार की घटनाएं दर्ज
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तमाम दावों के बीच साल 2025 में जिले की 163 महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। हालांकि पुलिस का डेटा यह बताता है कि पिछले साल यानी 2024 में यह संख्या 200 थी। इस तरह महिला अपराधों (बलात्कार) में पुलिस ने 18 प्रतिशत की कमी लाने में सफलता हासिल की है। एसपी का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ त्वरित विवेचना और गिरफ्तारी के चलते इन आंकड़ों में गिरावट आई है।
लूट और चोरी में भी पुलिस को मिली राहत

  • साल 2024 में जहां 20 लूट की वारदातें हुई थीं, वहीं 2025 में यह संख्या घटकर केवल 10 रह गई, जो कि सीधे 50 प्रतिशत की कमी है।
  • चोरी के मामलों में 12 प्रतिशत का सुधार हुआ है। साल 2024 के 537 प्रकरणों के मुकाबले 2025 में 471 मामले दर्ज हुए।
    बेहतर रणनीति के अच्छे परिणाम
    पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में कानून.व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तकनीकी संसाधनों का उपयोग ब?ाया गया है। उन्होंने कहा कि यह कमी जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सतत मेहनत और बेहतर रणनीति का परिणाम है। हमारा फोकस महिलाए बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर है। भविष्य में अपराधियों के खिलाफ और भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। बता दें पूरे जिले के आंकड़ों पर गौर करें तो साल 2024 में कुल 5614 अपराध दर्ज हुए थे, जो 2025 में कम होकर 5454 रह गए हैं।