आर्थिक राजधानी इंदौर में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, सीहोर से भी शामिल होंगे कार्यकर्ता

rahul gandhi 02

सीहोर। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई 16 से अधिक मौतों के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस हृदयविदारक घटना के विरोध में और पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आगामी 11 जनवरी को इंदौर में एक विशाल प्रदेश स्तरीय न्याय यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने जानकारी देते हुए बताया कि यह न्याय यात्रा सुबह 10 बजे इंदौर के प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से शुरू होकर राजवाड़ा चौक तक निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस सरकार की प्रशासनिक विफलता और जनता के स्वास्थ्य के प्रति बरती गई लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाएगी।
राहुल गांधी के आने की चर्चा
इस न्याय यात्रा की सबसे बड़ी खास बात यह है कि इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की प्रबल संभावना है। हाल ही में इछावर दौरे पर आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी राहुल गांधी के इस प्रदर्शन में शामिल होने के संकेत दिए हैं।
सीहोर जिले से जुटेंगे कार्यकर्ता
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में साथियों सहित इंदौर पहुंचें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनैतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि उन मासूमों के लिए न्याय की लड़ाई है जिन्होंने सरकारी तंत्र की लापरवाही के कारण अपनी जान गंवाई है।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
बता दें कि इंदौर में जहरीले पानी के कारण हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी में लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं और जो पानी मिल रहा है वह जानलेवा साबित हो रहा है। 11 जनवरी को होने वाली इस न्याय यात्रा में प्रदेश भर के दिग्गज कांग्रेसी नेता और हजारों की संख्या में आम नागरिक शामिल होकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।