सीहोर। विधायक सुदेश राय ने मंगलवार को वल्लभ भवन मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ1 मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सीहोर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों और महत्वाकांक्षी मेट्रोपॉलिटन सिटी प्रोजेक्ट को लेकर विस्तार से चर्चा की। विधायक ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि विकास की इस दौड़ में सीहोर की जनता के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
मुलाकात के दौरान विधायक सुदेश राय ने कहा कि सीहोर के भविष्य के लिए मेट्रोपॉलिटन सिटी प्रोजेक्ट बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बड़े प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन में वे शासन का पूरा सहयोग करेंगे, लेकिन इस बात का भी विशेष ध्यान रखेंगे कि जनता के हित सर्वोपरि रहें। विकास कार्यों का रोडमैप इस तरह तैयार किया जाएगा कि आमजन को इसका सीधा लाभ मिल सके।
बुनियादी सुविधाओं पर जोर
विधायक ने मुख्यमंत्री का ध्यान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न अंचलों जैसे सीहोर शहर, श्यामपुर, दोराहा, अहमदपुर, चरनाल और अन्य ग्राम पंचायतों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार जैसे सडक़, पानी और बिजली की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने की मांग रखी।
अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने का आग्रह
चर्चा के दौरान सुदेश राय ने क्षेत्र में चल रहे अधूरे विकास कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने और नई जनहितकारी योजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए सीहोर के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।


