अभिषेक हत्याकांड, न्याय के लिए एसपी कार्यालय पहुंचा राजपूत समाज, निष्पक्ष जांच की मांग

06 sehore photo 08

सीहोर। भोपाल-इंदौर हाईवे पर स्थित शिवशंकर ढाबे के पास हुई अभिषेक सिंह लल्लू की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर सर्व क्षत्रिय राजपूत समाज ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मृतक अभिषेक के पिता विजय सिंह तोमर (रिटायर्ड रेंजर) ने बताया कि 2-3 अक्टूबर दशहरा पर्व के दौरान अभिषेक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजनों ने शुरू से ही इसे हत्या का मामला बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी प्रकरण में कोई खास प्रगति नहीं हुई है। इसी से नाराज होकर समाज के लोगों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई।
दूसरे अधिकारी से कराई जाएगी जांच
समाजजनों के अनुसार ज्ञापन लेने के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने परिवार की बात सुनी। मृतक के प्रति संवेदना व्यक्त की और परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने इस केस की जांच किसी अन्य अधिकारी को सौंपने का भरोसा भी दिलाया ताकि सच सामने आ सके। ज्ञापन सौंपते समय मृतक के पिता विजय सिंह तोमर, भाई विवेक व अनुज के साथ ही संभागीय अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़, जिला अध्यक्ष गणेश सिंह चौहान, धीरेन्द्र सिंह राजावत, जितेंद्र सिंह राठौड़, किशोर सिंह, ईश्वर सिंह चौहान अध्यक्ष करणी सेना और राजेंद्र सिंह सिसोदिया सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे।