पूर्व जिलाध्यक्ष के बयान पर खाती समाज के युवा ने जताई आपत्ति

06 sehore photo 10

सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के इछावर दौरे के दौरान एक किसान परिवार में रात्रि विश्राम करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गहराता जा रहा है। कांग्रेस के ही पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. बलवीर तोमर द्वारा इस पर उठाए गए सवालों ने अब सामाजिक मोड़ ले लिया है। खाती समाज के एक युवा ने डॉ. तोमर के बयान को समाज का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
दरअसल, बीजेपी के गढ़ इछावर में पैठ बनाने के लिए राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने रविवार की रात ग्राम खेरी में एक साधारण कार्यकर्ता मांगीलाल पटेल के घर बिताई थी। इस पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. बलवीर तोमर ने मोर्चा खोलते हुए कहा था कि दिग्विजय सिंह जी का चयन गलत था। उनके मुताबिक कांग्रेस का आधार स्तंभ एससी/एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग है, दिग्विजय सिंह जी को उन वर्गों के बीच रुकना चाहिए था। डॉ. तोमर ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के पक्ष में खड़े होते हुए सिंह की रणनीति पर असहमति जताई थी।
पंकज मुकाती ने वीडियो जारी कर दिया जवाब
डॉ. तोमर के इस बयान पर खाती समाज के युवा पंकज मुकाती ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुकाती ने कहा आदरणीय तोमर जी, दिग्विजय सिंह जी का खाती समाज के घर रुकना आपको अनुचित लगा, यह बिल्कुल ठीक नहीं है। समाज ने कभी कांग्रेस से जिलाध्यक्ष पद की मांग नहीं की। पार्टी ने जब भी मुस्लिम, राजपूत, तोमर, परमार या सेंधव समाज से जिलाध्यक्ष बनाया, खाती समाज ने हमेशा उनका साथ दिया और सम्मान किया। उन्होंने आगे कहा कि एक किसान परिवार के यहां रुकने पर सवाल उठाना समाज का अनादर है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया व्यक्तिगत विचार
इस अंदरूनी कलह पर पार्टी के अन्य बड़े नेताओं ने डॉ. तोमर से किनारा कर लिया है। पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश परमार और पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने स्पष्ट किया कि यह डॉ. तोमर का व्यक्तिगत विचार है। नेताओं का कहना है कि इछावर में सबसे ज्यादा जॉब कार्डधारी हैं, इसलिए इस क्षेत्र को चुना गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की बातें पार्टी के अंदरूनी मंच पर होनी चाहिए न कि सार्वजनिक।