सीहोर। भगवान श्री गणेश की पावन नगरी सीहोर एक बार फिर भक्ति और सेवा के अनूठे संगम की साक्षी बनने जा रही है। देश के चार स्वयंभू गणेश मंदिरों में शुमार सुप्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर परिसर में बुधवार 7 जनवरी को भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक उत्सव को लेकर पूरे नगर में भारी उत्साह है।
बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित है, ऐसे में मंदिर परिसर को फूलों से सजाया जा रहा है। आयोजन के दौरान चारों ओर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष और भक्तिमय वातावरण से पूरी नगरी गुंजायमान होगी। श्रद्धालुओं का मानना है कि सिद्धिविनायक के दरबार में की गई सेवा और ग्रहण किया गया प्रसाद जीवन के सभी विघ्नों को दूर कर देता है।
दोपहर 12 बजे से शुरू होगा महाप्रसाद
भक्तों ने बताया कि भंडारे का शुभारंभ दोपहर 12 बजे से होगा, जो प्रभु इच्छा तक अनवरत चलता रहेगा। इस आयोजन में सभी श्रद्धालु एक परिवार की तरह सम्मिलित होंगे। आयोजन समिति ने सीहोर सहित आस-पास के क्षेत्रों से आने वाले सभी भक्तों को ससम्मान आमंत्रित किया है।


