सीहोर आई ‘घंटा’ राजनीति, विधायक कार्यालय के सामने घंटा बजाएगी कांग्रेस

04 sehore photo 05

सीहोर। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल प्रदाय के कारण हुई मासूमों सहित 14 लोगों की मौत और हजारों लोगों के बीमार होने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस त्रासदी को लेकर जहां एक ओर प्रदेश की भाजपा सरकार घेरे में है, वहीं दूसरी ओर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा मीडिया के समक्ष उपयोग किए गए घंटा शब्द ने आग में घी डालने का काम किया है। इसके विरोध में आज आष्टा विधानसभा के समस्त कांग्रेसजन स्थानीय विधायक कार्यालय पर अनूठा प्रदर्शन करेंगे। हालांकि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपाई इसे रोक पाएंगे।
आष्टा कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा जारी विज्ञप्ति में भाजपा शासित इंदौर नगर निगम और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इंदौर में लोगों को मलमूत्र मिश्रित गंदा पानी पीने पर मजबूर किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 14 लोगों की जान चली गई और वर्तमान में लगभग 2800 लोग अस्पतालों में उपचाररत हैं।
मंत्री के बयान पर आक्रोश
कांग्रेस का आरोप है कि एक तरफ जनता अपनों को खोने के गम में है, वहीं प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय संवेदनहीनता दिखाते हुए मीडिया के सवालों पर घंटा जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेसजनों का कहना है कि यह जनता के घावों पर नमक छिडक़ने जैसा है और इसी के प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप आज विधायक कार्यालय के सामने घंटा बजाकर सोई हुई सरकार को जगाने का प्रयास किया जाएगा।
दोपहर 1 बजे होगा प्रदर्शन
आज रविवार दोपहर 1 बजे आष्टा विधायक कार्यालय पर आयोजित इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और एससी-एसटी प्रकोष्ठ सहित मंडलम-सेक्टर के अध्यक्ष व बीएलए बड़ी संख्या में शामिल होंगे।