सीहोर। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोराहा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। हालांकि वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।
जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई 2 जनवरी को हुई। डायल.112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि नोडल पॉइंट दोराहा जोड़ पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी नहीं रुकी और चालक उसे तेज लापरवाही से झरखेड़ा की ओर भगा ले गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, एएसपी सुनीता रावत और एसडीओपी पूजा शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की।
पीछा करने पर गाड़ी छोड़ भागा तस्कर
पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार और बड़ा दी। पुलिस ने जब वाहन का पीछा किया तो पकड़े जाने के डर से चालक गाड़ी को रास्ते में छोडक़र अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाडिय़ों में भाग निकला। पुलिस ने जब लावारिस हालत में मिली स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें देशी और अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी हुई मिलीं।
लाखों की शराब और वाहन जब्त
पुलिस ने वाहन से कुल 385.5 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी बाजार मूल्य 2 लाख 28 हजार 600 रुपये आंका गया है। पुलिस ने शराब और स्कॉर्पियो को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा किया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है।


