सीहोर। नववर्ष 2026 के स्वागत के उत्साह के बीच कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा द्वारा जारी प्रदेशव्यापी निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आज शाम से ही जिले के सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के अनुसार नववर्ष के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। जिले में शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार ड्राइविंग और महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी रैंक के फील्ड अधिकारी स्वयं सडक़ों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे।
धार्मिक स्थलों और पिकनिक स्पॉट्स पर अतिरिक्त बल
जिले के प्रमुख पिकनिक स्पॉट्स जैसे नदी, बांध और मंदिरों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को उत्पन्न होने से पहले ही नियंत्रित किया जा सके।
गुंडा-बदमाशों पर रहेगी तीसरी आंख की नजर
सूचीबद्ध गुंडा बदमाशों और अशांति फैलाने वाले तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले की विशेष शाखा अलर्ट मोड पर है।
पुलिस की अपील, सुरक्षित मनाएं जश्न
- पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष का जश्न सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें।
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या डायल.112 पर दें।
- नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।


