विधायक राय ने भागवत कथा में लिया आशीर्वाद, कथा वाचक संत नागर का किया सम्मान

29 sehore photo 05

सीहोर। शहर के सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ में विधायक सुदेश राय और अरुणा राय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भक्तिभाव के साथ श्रद्धालुओं के बीच बैठकर कथा का श्रवण किया और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
कथा विश्राम के अवसर पर विधायक श्री राय और श्रीमती अरुणा राय ने व्यासपीठ का पूजन कर कथा वाचक संत गोविंद विनोद नागर का शॉल श्रीफल भेंटकर और पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत व सत्कार किया। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से मन को शांति मिलती है और समाज में सद्भाव का प्रसार होता है। उन्होंने इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए आयोजक गोदन सरकार हनुमान मंदिर सेवा समिति के प्रयासों की सराहना की। श्री राय ने कहा कि जनहित और जनकल्याण की भावना से कराए जाने वाले ऐसे आयोजन आध्यात्मिक चेतना जागृत करने में सहायक होते हैं।
विधायक एवं श्रीमती राय ने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने भक्तिमय भजनों और कथा का आनंद लिया।